MMDR संशोधन विधेयक से आर्थिक हित प्रभावित होंगे : स्टीफन मरांडी

 महेशपुर। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक (MMDR) 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शनिवार को महेशपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित कल्याण छात्रावास परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के हाथों में “मोदी सरकार होश में आओ”, “झारखंड के अधिकार से कोई समझौता नहीं”, “मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी”, “जनता की आवाज को दबाना बंद करो”, “लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चलेगी” और “खनिज हमारा, अधिकार हमारा”  जैसे संदेश लिखी तख्तियां थीं।

खनिज संसाधनों और आर्थिक हितों पर असर की बात

धरना को संबोधित करते हुए महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि MMDR संशोधन विधेयक 2026 से झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के आर्थिक हितों पर असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम और बॉक्साइट सहित कई महत्वपूर्ण खनिज पाए जाते हैं। विधायक ने कहा कि खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकार और राजस्व राज्य के आर्थिक हितों से सीधे जुड़े हुए हैं।

MMDR संशोधन विधेयक को लेकर झारखंड में राजनीतिक मतभेद सामने आए हैं। झामुमो इसे राज्य के अधिकारों और राजस्व से जुड़ा मुद्दा बता रही है, जबकि केंद्र सरकार की ओर से कहा गया है कि संशोधन के बाद भी राज्यों को खनिज राजस्व का बड़ा हिस्सा मिलता रहेगा।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के बाद विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी के नेतृत्व में झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

 

कार्यक्रम में जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेम्ब्रम, केंद्रीय समिति सदस्य पिंकू शेख, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा जोसेफिना हेम्ब्रम, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वढूद, कलाम अंसारी, एनामुल हक, माईनुद्दीन अंसारी, तौसीफ इकबाल, जोशिम शेख, मुख्तार हुसैन, नीरज मडैया, बुदल यादव, आसाद शेख, लक्ष्मण मरांडी, पप्पू अंसारी, हबीबुर रहमान सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!