साहिबगंज। बाढ़ का पानी कम होने के बाद दियारा क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर झामुमो केंद्रीय सचिव एवं प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने सोमवार को उपायुक्त दीपक कुमार दूबे से बातचीत कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित इलाकों में राहत एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

पंकज मिश्रा ने कहा कि बाढ़ का पानी पूरी तरह उतरने के बाद दियारा क्षेत्रों के साथ-साथ जिला मुख्यालय के विभिन्न वार्डों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर लोगों की जांच और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने को भी कहा, ताकि जलजनित बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके। उन्होंने लोगों से बाढ़ के बाद सावधानी बरतने की अपील करते हुए स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मैनपावर और जरूरी दवाओं के साथ अलर्ट रहने को कहा।
सर्पदंश की घटनाओं को लेकर विशेष तैयारी
पंकज मिश्रा ने बताया कि बाढ़ के दौरान बड़ी संख्या में सांपों के दियारा क्षेत्रों में पहुंचने की सूचना है। ऐसे में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में एंटी-वेनम इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सिविल सर्जन से कहा कि यदि किसी दवा अथवा एंटी-वेनम की कमी हो तो तत्काल उपायुक्त को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि आवश्यक सामग्री जल्द उपलब्ध कराई जा सके।
गौरतलब है कि पंकज मिश्रा करीब 15 दिनों तक दिल्ली में इलाज कराने के बाद सोमवार को साहिबगंज लौटे। यहां पहुंचते ही उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से बाढ़ राहत एवं प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को लेकर जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान एवं उपाध्यक्ष विनीता देवी द्वारा जिला मुख्यालय सहित प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत कार्यों की भी सराहना की।