पीरटांड में हाथी का कहर: बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर

विशेष संवाददाता | गिरिडीह

पीरटांड प्रखंड के मंडरडीह (लेढवा) गांव में मंगलवार की रात जंगली हाथी के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में हाथियों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पीरटांड में हाथी का कहर: बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर

मृतक की पहचान 70 वर्षीय मंगरा मांझी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी 65 वर्षीय बड़की देवी को गंभीर हालत में गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

शौच के लिए निकले थे पति-पत्नी

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात मंगरा मांझी अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर निकले थे। मंगरा मांझी की दृष्टि कमजोर होने के कारण उनकी पत्नी उन्हें साथ लेकर गई थीं।

इसी दौरान अचानक सामने आए हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने किसी तरह दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़की देवी का उपचार जारी है।

हाथियों की मौजूदगी को लेकर असमंजस

घटना के बाद हाथियों की संख्या को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। परिजनों का दावा है कि घटनास्थल के आसपास पांच से छह हाथी मौजूद थे। वहीं प्रशासन की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला करने वाला हाथी झुंड से अलग होकर अकेले इलाके में घूम रहा था।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक झुंड से बिछड़ा हाथी क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम को सतर्क कर दिया गया है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में हाथियों की आवाजाही बनी हुई थी। वन विभाग की टीम हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर ले जाने के प्रयास में जुटी थी। इसके बावजूद मंगलवार रात हुई घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों से भी रात के समय घरों से बाहर निकलते वक्त विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!