बरहड़वा के लबदा स्कूल में नई प्रबंधन समिति का गठन, उत्तम रजक को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

बरहड़वा। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय लबदा में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान विद्यालय से जुड़े अभिभावकों और ग्रामीणों की मौजूदगी में समिति के नए सदस्यों का चयन किया गया।

कार्यक्रम में धर्मवीर कुमार महतो ने अध्यक्षता की, जबकि पर्यवेक्षक के रूप में वीरेश कुमार प्रसाद उपस्थित रहे। समिति में कुल 15 सदस्यों को शामिल किया गया है। सर्वसम्मति से उत्तम कुमार रजक को अध्यक्ष और रेशमा कुमारी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नई समिति में शंकर कुमार महतो, शंभू कुमार रजक, धनंजय शाह, शिव शंकर महतो, आनंद महतो, देव कुमार रजक, विकास रजक, भारती कुमारी, निशा कुमारी, रिंकी देवी, ललिता देवी, उमा देवी और जयंती देवी शामिल हैं।

समिति के गठन के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और बच्चों से जुड़ी जरूरतों को लेकर चर्चा हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष उत्तम कुमार रजक ने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।

उपाध्यक्ष रेशमा कुमारी ने बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने तथा विद्यालय की आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद विजय यादव, प्रधानाध्यापक बबलू दास, शिक्षक विजय कुमार महतो और रेनू कुमारी सहित अन्य ग्रामीण  मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!